प्रयागराज , जुलाई 24 -- तीर्थ पुरोहितों की सबसे बड़ी संस्था अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संगम नगरी प्रयागराज में होगी। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामकृष्ण तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में तीर्थ पुरोहितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, वहीं बैठक में केंद्र सरकार व राज्य सरकारों द्वारा तीर्थों के विकास के नाम पर कॉरिडोर बनाकर तीर्थ पुरोहितों के अधिकारों के हनन को लेकर भी प्रस्ताव पास किया जाएगा। देश भर से जुटे तीर्थ पुरोहित इस मौके पर अधिकारों के हनन के खिलाफ अपनी रणनीति भी तैयार करेंगे।
महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री मधु चकहा के मुताबिक तीर्थ पुरोहितों की बैठक में अयोध्या राम मंदिर में चंदा चढ़ावे चोरी को लेकर भी तीर्थ पुरोहित विचार विमर्श करेंगे। इस मौके पर मंदिरों में दान चोरी रोकने के लिए प्रस्ताव पारित करेंगे। उन्होंने कहा है कि तीर्थ पुरोहित राम मंदिर में चोरी करने वाले आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग का प्रस्ताव पास करेंगे। जिसे लागू करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार को भेजेंगे। ताकि यह नजीर बने और मंदिरों में चोरी की घटनाएं रुक सके।
अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामकृष्ण तिवारी के मुताबिक इस बैठक में रामेश्वरम,अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, वृंदावन, द्वारिका, सोमनाथ, बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री,यमुनोत्री, बैद्यनाथ धाम, त्रयंबकेश्वर,नासिक, परली बैद्यनाथ, घृष्णेश्वर,बिठूर चित्रकूट, कुरुक्षेत्र, हरिद्वार,उज्जैन विंध्याचल, मदुरै आदि तीर्थों के तीर्थ पुरोहित और राष्ट्रीय पदाधिकारी जुटेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित