प्रयागराज , अगस्त 08 -- युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) प्रयागराज की ओर से शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यात्रा मेडिकल चौराहे से सुभाष चौराहे तक निकाली गई, जिसमें 150 मीटर लंबे तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा शामिल हुए। राष्ट्रगान और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ शुरू हुई यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। अभाविप काशी प्रांत के प्रांत मंत्री शिवम सिंह भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे।

अभाविप नेताओं ने कहा कि भारत का युवा केवल अपने व्यक्तिगत भविष्य का निर्माण करने वाली शक्ति नहीं, बल्कि देश के वर्तमान और भविष्य को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ऊर्जा को रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित से जोड़कर ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला तैयार की जा सकती है।

अभाविप काशी प्रांत के प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने कहा कि 'वंदे मातरम्' केवल राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना को और मजबूत करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराना है। विद्यार्थी शक्ति में राष्ट्र के निर्माण और परिवर्तन की अपार क्षमता है और अभाविप इस शक्ति को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

अभाविप प्रयाग महानगर के महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा ने कहा कि प्रयागराज में निकली तिरंगा यात्रा युवाओं की राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय स्वाभिमान और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों को राष्ट्रशक्ति मानते हुए उनमें राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत कर रही है। 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष युवाओं को अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़ने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में अभाविप काशी प्रांत के पूर्व प्रांत मंत्री अतेंद्र सिंह, राष्ट्रीय सह संयोजक शोध कार्य हिमांशु पाण्डेय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आंचल सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. मनीष श्रीवास्तव, विभाग संयोजक प्रशांत सिंह, कौतुक, अभिनव पाण्डेय, समृद्धि प्रिया पाठक, अमन और शांतनु समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा एवं अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित