प्रयागराज , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पुलिस लाइन में बुधवार दोपहर को 2011 बैच के हेड कॉन्स्टेबल अजय मौर्या ने खुद को गोली मार कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि वह किसी न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा में तैनात थे और पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। गोली चलने की सुचना मिलते ही घटना स्थल पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा समेत तमाम पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल सिपाही अजय को स्वरूप रानी मेडिकल कालेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अजय मौर्या मूल रूप से वाराणसी के चोलापुर के रहने वाले थे। अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) विवेक यादव ने बताया कि सरकारी शस्त्र से अचानक दुर्घटना के तहत गोली चली है। वहीं, चर्चा है कि उसने सुसाइड किया, गोली दाहिनी तरफ गर्दन में लगी है। पुलिस अब इस पूरी घटना की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वज़ह और तथ्य सामने आयेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित