प्रयागराज , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के प्रयागराज-रीवा राज मार्ग पर सड़क हादसे में एक पिकअप चालक की मौत हो गयी। सब्जी लेकर प्रयागराज आ रहा पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक वाहन में ही फंस गया। हादसा मनकवार गांव के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, पिकअप चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा भिड़ा। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।घूरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान रविंद्र सिंह यादव, निवासी रेवसड़ा, थाना भांवरकोल, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।लोगों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित