प्रयागराज , अगस्त 30 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय के स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) पॉजिटिव की एक 50 वर्षीय महिला मरीज को गंभीर हालत में भर्ती किया गया है।

मरीज सराय इनायत क्षेत्र की रहने वाली हैं और मधुमेह से भी पीड़ित हैं। महिला को पिछले करीब सात दिनों से बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां जांच में एच1एन1 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में मरीज को स्वाइन फ्लू के लिए निर्धारित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है और मेडिसिन विभाग की टीम लगातार उनकी स्थिति की निगरानी एवं उपचार कर रही है।

एसआरएन अस्पताल में एच1एन1 के मरीजों के लिए अलग वार्ड के साथ ऑक्सीजन, बीआईपीएपी और वेंटिलेटर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। चिकित्सकों ने बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा विशेष रूप से मधुमेह सहित अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित