प्रयागराज , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र के महेवा टीसीआई चौराहे पर बुधवार को सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्माण किए गए मकानों और दुकानों पर तहसील करछना की टीम ने पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई प्रयागराज विकास प्राधिकरण के द्वारा जारी किए गए नोटिस के बाद एसडीएम करछना तपन मिश्रा ने अपनी टीम के साथ की। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने एक साल पहले नोटिस जारी की गई थी लेकिन मकान और सरकारी भूमि को खाली नहीं किया गया था।

अधिकारियों की मानें तो सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए मकान और दुकान पिछले कई सालों से बनाए गए थे। जिन्हें कब्जा मुक्त करने के लिए कई बार सूचना दी गई थी। एसडीएम करछना के मुताबिक प्रयागराज विकास प्राधिकरण 1 साल पहले इन भवन मालिकों को कब्जा हटाने के लिए नोटिस दिया था लेकिन किसी ने सरकारी भूमि को खाली नहीं किया था। इसके बाद कई थानों की फोर्स लगाते हुए यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

स्थानीय लोगों की बात करें तो ध्वस्तीकरण करने की कार्रवाई का आदेश जारी होने के बाद से लगातार भवन मालिकों का विरोध जारी था। कार्रवाई को रोकने के लिए लगातार लोग प्रयास कर रहे थे लेकिन पीडीए उपाध्यक्ष और जिलाधिकारी के आदेश के बाद या कार्रवाई नहीं रोकी जा सकी।

कार्रवाई के लिए सुबह से ही कई थानों की फोर्स और सहायक पुलिस उपायुक्त करछना सुनील कुमार सिंह सहायक पुलिस उपायुक्त कौंधियारा पहुंचे। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। इस कार्रवाई में करीब पांच थाने की फोर्स के साथ पीएसी और अधिकारी मौजूद थे। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से पहले पुलिस ने खान चौराहे से जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग लगा दी। इसके साथ-साथ दांडी रोड पर भी बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया था। जिससे कोई बड़े वाहन अंदर प्रवेश न कर सके। भारी फोर्स के कारण किसी तरह का कोई विवाद और उपद्रव नहीं हो सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित