प्रयागराज , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सनातन धर्म अपनाने वाले मुस्लिम युवक ने माफिया अतीक अहमद के रिश्तेदारों से जान का खतरा बताया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उसने कहा, " मैं मुस्लिम से हिंदू बना। यही मेरे लिए अब श्राप बन चुका है।" सलीम से देवव्रत शुक्ल बने युवक ने कहा कि अतीक का चचेरा भाई हमजा उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने धमकाया है कि वे उसके मकान पर कब्जा कर लेंगे। देवव्रत ने सीएम योगी से सुरक्षा देने की मांग की है। यह भी कहा कि आरोपी पर कार्रवाई की जाए।

वीडियो जारी कर उसने कहा कि उसने चार सितंबर को घूरपुर थाने में शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान का कहना है कि सलीम अंसारी मूल रूप से कानपुर का निवासी है। वह अपनी मां किताबुल निशा के साथ प्रयागराज में ऑटो चलाकर जीविका चलाता था। 12 फरवरी 2024 को कैलाश धाम आश्रम में उसने धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपना लिया। इसके बाद उसने अपना नाम देवव्रत शुक्ल रख लिया।इसके बाद उसने घूरपुर क्षेत्र के सारंगपुर में जमीन खरीदकर रहना शुरू कर दिया। करीब 3 महीने पहले पड़ोसी हमजा की चचेरी बहन रेशमा ने वेदव्रत का कमरा किराए पर लिया था। तीन सितंबर को देवव्रत ने रेशमा से कमरा खाली करने को कहा।

रेशमा ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई हमजा को दी। जिसके बाद हमजा और वेदव्रत के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान हमजा ने देवव्रत को धमकी दी। इसके बाद चार सितंबर को देवव्रत ने थाने में शिकायत दी।पुलिस के अनुसार, तब दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। अब आज शुक्रवार को देवव्रत ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित