प्रयागराज , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शिक्षा निदेशालय मुख्यालय परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और कर्मचारियों से अभद्रता के मामले में सिविल लाइंस थाने में 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई शिक्षा निदेशालय के केयरटेकर मोहम्मद सैफी की तहरीर पर हुई है। आरोप है कि प्रदर्शन की आड़ में कुछ अराजक तत्व पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में घुस गए और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।तहरीर के मुताबिक, 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे 150 से 200 लोग शिक्षा निदेशालय के पूर्वी गेट के सामने सड़क के दोनों ओर जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे।

आरोप है कि प्रतियोगी अभ्यर्थियों की आड़ में कुछ अराजक तत्व बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्यालय परिसर में घुस गए।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि परिसर में प्रवेश करने के बाद उपद्रवियों ने विभिन्न अनुभागों में तोड़फोड़ की और फर्नीचर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कर्मचारियों के साथ अभद्र और अमर्यादित व्यवहार करने तथा सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित