प्रयागराज , जून 24 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के हीरावन पट्टी बिझमनियापुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस जब शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने पहुंची तो मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस के अनुसार गांव निवासी रामरती बिंद की पत्नी पिंकी बिंद (30) का शव बुधवार को घर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। बताया गया कि पिंकी के पति रामरती बिंद किसी काम से बरौत बाजार गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने अपनी पत्नी को फंदे से लटका देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के समय उनके बड़े भाई मिथिलेश भी उनके साथ थे।

इस बीच सूचना पाकर मृतका के मायके पक्ष से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पिंकी की मौत के पीछे उसके पति और जेठ का हाथ है। विरोध के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच कहासुनी तथा धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

हालांकि मृतका के पति रामरती बिंद और उनके बड़े भाई मिथिलेश ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि घर लौटने पर उन्होंने पिंकी को पंखे से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें सात वर्षीय पुत्र आर्य और पांच वर्षीय पुत्र आर्यन शामिल हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (हंडिया) शेषधर पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित