प्रयागराज , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के पथरताल गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने अधिवक्ता को गोली मार दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगी। हमले के बाद घायल अधिवक्ता किसी तरह भागकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। उन्हें पहले सीएचसी कोरांव ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रशांत पांडेय (45) बुधवार रात भोजन करने के बाद गांव के हनुमान मंदिर में चल रही रामलीला देखने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में वह देवघाट मार्ग पर अपने पड़ोसी को भी रामलीला देखने के लिए बुलाने जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों से पहुंचे चार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले में गोली उनके बाएं हाथ में लग गई।गोली लगने के बाद प्रशांत किसी तरह भागकर घर पहुंचे। परिजन उन्हें निजी वाहन से सीएचसी कोरांव ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायल अधिवक्ता के भाई अतुल पांडेय के मुताबिक, हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो सकी। हमले की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं है।घटना की सूचना पर कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत है। अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित