प्रयागराज , अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार को 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन के दौरान जमकर बवाल हो गया। प्रतिभागियों ने कुर्सियां तोड़ डालीं। मंच पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। सर्टिफिकेट की लूट मचा दी। प्रतिभागी एक-दूसरे से सर्टिफिकेट छीनने लगे। आरोप है कि मैराथन में रजिस्ट्रेशन के बाद बिना नियम और झंडी दिखाए दौड़ शुरू कर दी गई। कुछ प्रतिभागियों ने बाइक पर बैठकर दौड़ पूरी की। इससे प्रतिभागी भड़क गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने आयोजक भाजपा नेता को घेर लिया। पुलिस उन्हें नाराज प्रतिभागियों से बचाकर सुरक्षित बाहर लाई। इस दौरान लोगों की पुलिसवालों से भी तीखी नोकझोंक हुई।

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नैनी में भाजपा यमुनापार ने मैराथन का आयोजन कराया था। इसमें 5 से 6 हजार लोग शामिल हुए थे। राष्ट्रीय एकता दिवस पर हुई मैराथन का मैनेजमेंट पूर्व राज्य मंत्री और बारा के पूर्व विधायक रामसेवक पटेल के बेटे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल देख रहे थे। मैराथन नैनी के अभिनंदन गेस्ट हाउस (मेवालाल की बगिया) से शुरू होकर सच्चा बाबा आश्रम (सेल्फी पॉइंट) तक होनी थी। मैराथन में विजेता को Rs.11,000 और रनर-अप को Rs.7,000 का इनाम दिया जाना था।

मैराथन की शुरुआत सुबह 7 बजे होनी थी। आरोप है कि मैराथन तय समय से आधे घंटे पहले ही शुरू कर दी गई। इसमें ऐसे लोग भी पहुंच गए, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था।बिना किसी हरी झंडी और आधिकारिक शुभारंभ के हुई मैराथन में अफरा-तफरी मच गई। लोग भागने लगे और कुछ लोगों ने तो बीच रास्ते में बाइक पर बैठकर मैराथन पूरी की। मैराथन में अराजकता देखकर प्रतिभागी भड़क गए। सेल्फी पॉइंट पर बने मंच पर विजेता को सर्टिफिकेट दिए जाने के दौरान उन्होंने देवी सिंह पटेल को घेर लिया और बेईमानी का आरोप लगाते हुए दोबारा मैराथन कराने की मांग करने लगे। मंच के नीचे कुछ प्रतिभागियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। देवी सिंह बचकर भागने लगे तो प्रतिभागियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।

पुलिस देवी सिंह को किसी तरह सुरक्षित निकालकर सरकारी जीप से नैनी थाने ले गई। वहां विजेता प्रतिभागियों को बुलाकर सम्मानित कराया गया और प्राइज मनी दिलवाई गई। इधर, प्रतिभागियों ने मंच पर रखे सर्टिफिकेट लूट लिए और उनके लिए मारामारी करने लगे। दावा किया जा रहा है कि एक-एक प्रतिभागी 10-10 सर्टिफिकेट उठा ले गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित