प्रयागराज , जून 3 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र के भीटा गांव में बुधवार भोर में एक युवक की पत्थर से सिर कूच कर हत्या कर दी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घूरपुर के भीटा गांव निवासी राजेश कुमार प्रजापति (32) मंगलवार की देर रात घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। रात दो बजे तक कुछ लोगों ने उन्हें सोते हुए देखा भी था लेकिन आज भोर पांच बजे परिजनों ने उनका रक्तरंजित शव देखा। मृतक के सिर पर बड़े पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक पेशे से ट्रक और जेसीबी स्वामी था।

मृतक के पिता ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आरोपी युवक ने ऊपर कई बार धमकी भी देने का आरोप परिजन बता रहे हैं। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। अभी शिकायती पत्र नहीं मिला है पूछताछ की जा रही है।

सूचना पर पहुंचे सहायक पुलिस उपायुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान के साथ लालापुर कौंधियारा शंकरगढ़ नैनी सहित कई थानो की पुलिस मौके पर मौजूद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित