प्रयागराज , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार देर शाम दिल्ली-हावड़ा रेल रूट के डीएफसी अपलाइन पर एक बड़ा हादसा टल गया। करछना क्षेत्र के हरदुआ रामपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक की पटरी गर्मी के कारण टूट गई थी। दो स्थानीय युवकों की सूझबूझ से एक ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया। यह घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुई। मालगाड़ी गुजरते समय तेज आवाज सुनकर पास के रहने वाले सुनील कुमार शर्मा रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि पटरी में लगी स्लीपर क्लिप टूटकर दूर जा गिरी थीं, जिससे पटरी क्षतिग्रस्त हो गई थी।कुछ ही देर में सुनील के साथी सुरेश भी मौके पर आ गए। दोनों युवकों ने तत्काल लाल रुमाल लेकर पटरी पर खड़े होकर आने वाली ट्रेन को क्षतिग्रस्त स्थान पर पहुंचने से पहले ही इशारा देकर रोक दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसा टलने के बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी पुलिस और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक घंटे के भीतर टूटी हुई पटरी की मरम्मत कर उसे दुरुस्त कर दिया।डीएफसीसीआईएल के महाप्रबंधक (संचालन एवं व्यवसाय विकास) मन्नू प्रकाश दुबे ने बताया कि करछना के पास डीएफसी अप लाइन की पटरी में तकनीकी समस्या (गैप) की सूचना मिली थी। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और पटरी को पूरी तरह ठीक कर लिया गया है। इस रूट पर मालगाड़ियों का संचालन अब सुरक्षित ढंग से पुनः शुरू हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित