प्रयागराज , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार सुबह एक युवक ने यमुना नदी के नए पुल से छलांग लगा दी। युवक के नदी में कूदते ही जल पुलिस के जवानों ने मोटरबोट से पहुंचकर गोताखोरों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत ठीक बतायी जा रही है।

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अहमदपुर गरियांव गांव निवासी आलोक सिंह (32) के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपने साथ बैग लेकर पुल पर पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी। युवक के बैग की तलाशी में आधार कार्ड और एक सुसाइड नोट मिला। नोट में पत्नी को संबोधित करते हुए संदेश लिखा गया था। इसमें पत्नी को घटना की जानकारी देने तथा फोन नहीं उठाने पर संदेश भेजने की बात कही गयी थी। नोट में पत्नी को नैनी पुल पसंद होने का भी उल्लेख किया गया है।

घटना की सूचना पर कीडगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के परिजनों को जानकारी दी। युवक को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट के आधार पर प्रथमदृष्टया पति-पत्नी के बीच विवाद को युवक के इस कदम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवक से पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

जल पुलिस प्रभारी रविंद्र नाथ और दलनायक देवानंद बरनवाल के नेतृत्व में चलाये गये बचाव अभियान में कांस्टेबल संजय कुमार और अनिल कुमार कोटार्य ने मोटरबोट से तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित