प्रयागराज , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दो दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय है। रविवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं एवं रिमझिम फुहार पड़ रही है।

शहर के कई इलाकों में बीच-बीच में हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट बनी हुई है। शनिवार को भी दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहाना बना रहा। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले दो दिनों की बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज भी प्रयागराज में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। बारिश से पहले शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन लगभग 70 प्रतिशत आर्द्रता के कारण लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस जैसी उमस महसूस हो रही थी। लगातार हो रही बारिश के बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आज अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और उमस में भी काफी कमी बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित