प्रयागराज , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मुठीगंज में जय मां नव दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा भूत बंगला की थीम पर सजा दुर्गा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना है। यहां माता के दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं को भूतों, कंकालों और डरावने चेहरों का सामना करना पड़ रहा है।पंडाल में कहीं पेड़ों से भूत लटकते दिख रहे हैं, तो कहीं कंकाल लोगों को चौंका रहे हैं। भूतों के पूरे परिवार और डरावनी आकृतियों से सजा यह पंडाल किसी हॉरर फिल्म के सेट जैसा लगता है।

रंग-बिरंगी रोशनी और रहस्यमयी माहौल ने इसे खास बना दिया है। बच्चे हों या बड़े, हर कोई इस डरावने नजारे को देखने और अपने कैमरे में कैद करने के लिए उत्साहित है।एक तरफ मां दुर्गा की पूजा और जयकारे गूंज रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भूतिया दुनिया का रोमांच लोगों को इस पंडाल की तरफ खींच ला रहा है। इस अनूठी थीम ने दुर्गा पूजा पंडाल को चर्चा का केंद्र बना दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित