प्रयागराज , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान की नहर में डूबने से मौत हो गयी है। पुलिस ने बताया कि डेरा गांव निवासी किसान रामफल सिंह (70) की नहर में डूबने से मौत हो गई। वह रात में अपने खेतों की आवारा पशुओं से रखवाली करने गए थे। आज सुबह तक घर नहीं लौटने पर परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान लोगो ने नहर के पास बुजुर्ग की टॉर्च, जूता और डंडा पड़ा देखा और उनका सामान बिखरा देखकर ग्रामीणों को उनके नहर में गिरने का शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और नहर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नहर का पानी बंद कराकर खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद किसान का शव नहर से निकाला गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि रात के अंधेरे मे कुछ समझ न आने के कारण गिर कर बुजुर्ग की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित