प्रयागराज , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को सड़क पर उतर आया। सरायइनायत क्षेत्र के हनुमानगंज स्थित 130 केवीए उपकेंद्र पर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में लगातार बिजली कटौती हो रही है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है तथा पेयजल संकट भी गहराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।

आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एक्सईएन और जेई राजनाथ यादव को कार्यालय से बाहर निकालकर उपकेंद्र परिसर स्थित पार्क में बैठा दिया और चारों ओर से घेरकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक किसी अधिकारी को जाने नहीं दिया जाएगा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे। ग्रामीणों ने बताया कि रातभर बिजली गुल रहने से बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है तथा उमस और भीषण गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध प्रदर्शन के बीच बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि फॉल्ट और ओवरलोडिंग के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसे ठीक कराने का कार्य जारी है। उन्होंने जल्द ही व्यवस्था सामान्य करने का आश्वासन दिया।

स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों में आक्रोश था, जिन्हें समझाकर शांत करा दिया गया है। मौके पर स्थिति सामान्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित