प्रयागराज , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नैनी थाना क्षेत्र के मड़ौका गांव में मंगलवार देर रात बारिश और जलभराव के कारण एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान अनिल कुमार भारतीय का बताया जा रहा है। घटना के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे, लेकिन हादसे से करीब 10 मिनट पहले ही बच्चों समेत सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया गया कि मकान के पीछे लगातार पानी जमा होने और बारिश के कारण उसकी नींव एवं संरचना प्रभावित हो गई थी। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर ढह गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नैनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मकान मालिक से जानकारी लेने के साथ प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित