प्रयागराज , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार भोर से हो रही बारिश ने मौसम में बदलाव के साथ तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती मौसम तंत्र अर्नब का असर जिले में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रयागराज में कई जगह बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट के बाद ठण्ड जैसा मौसम हो गया है। वही लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में धान की फसल तैयार है। ऐसे में तेज हवा और बारिश से फसल गिरने और अनाज भीगने का खतरा है। किसानों को सलाह दी गई है कि तैयार फसल की कटाई मौसम को देखते हुए जल्द करें। कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढक दें।
संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर राहत की व्यवस्था करने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान में न रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर दीवारों से दूर रहें। जलभराव वाले रास्तों से गुजरने में भी सावधानी बरतें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित