प्रयागराज , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के यमुनानगर जोन में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। बारा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार सोनकर को एंटी करप्शन टीम ने 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए बुधवार दोपहर उनके कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि थाना प्रभारी ने एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में शिकायतकर्ता से 75 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता संतोष कुमार दुबे के खिलाफ बारा थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। रिश्वत की मांग से परेशान होकर संतोष कुमार दुबे ने एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन ट्रैप टीम प्रभारी मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। तय योजना के तहत जैसे ही थाना प्रभारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम ने बताया कि आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ थाना घूरपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद प्रकरण को एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन को स्थानांतरित किया जाएगा, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित