प्रयागराज , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर घटने के बाद रसूलाबाद घाट पर गंदगी और अव्यवस्था का आलम है। बाढ़ का पानी उतरने के दो-तीन दिन बाद भी मंगलवार को घाट के किनारों से मलबा, जलकुंभी और कचरा नहीं हटाया गया है। जगह-जगह गंदगी जमा होने से स्नान करने वाले श्रद्धालुओं और अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर सफाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। स्थानीय निवासी अजय ने बताया कि बाढ़ के दौरान रसूलाबाद घाट पूरी तरह पानी में डूब गया था। पानी उतरने के बाद बाढ़ अपने साथ लाई जलकुंभी, कचरा और मलबा घाट के किनारों पर छोड़ गई। कई स्थानों पर मलबे के ढेर लगे हैं, लेकिन अभी तक नगर निगम की ओर से सफाई नहीं कराई गई है।
उन्होंने बताया कि रसूलाबाद घाट पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग स्नान और धार्मिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। दूर-दराज से लोग अंतिम संस्कार के लिए भी यहां आते हैं। घाट पर गंदगी और मलबा जमा होने से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में भी लोगों को दिक्कत हो रही है।
स्थानीय निवासी रुपेश शर्मा ने कहा कि बाढ़ के बाद घाट की स्थिति बेहद खराब हो गई है। केवल रसूलाबाद घाट ही नहीं, बल्कि बाढ़ प्रभावित सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि घाट और आसपास जमा गंदगी के कारण श्रद्धालु ठीक से स्नान और आचमन तक नहीं कर पा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित