प्रयागराज , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक निजी बस और डंपर की आमने-सामने की टक्कर में दर्जन भर से अधिक यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी बस यात्रियों को लेकर शहर की ओर जा रही थी, जबकि डंपर मेजा की तरफ से आ रहा था। गड़ारा नाला ललतारा के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। कई यात्रियों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद खीरी-मेजा राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित