प्रयागराज , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम तट पर स्थित प्राचीन बड़े हनुमान मंदिर में कॉरिडोर और मंदिर विस्तार निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। मंदिर के महंत बलबीर गिरी ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया है कि पिछले दो वर्षों से जारी यह कार्य जल्द पूरा होने वाला है। इसके पूर्ण होने पर दर्शनार्थियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होने कहा कि कॉरिडोर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब मुख्य मंदिर के चारों ओर और गर्भगृह से संबंधित कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। निर्माण गतिविधियों के कारण मंदिर परिसर के कई हिस्सों में काम चल रहा है, जिसके मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि दर्शनार्थियों के आवागमन के लिए तीन अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराना और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की आशंका को टालना है। महंत ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे केवल इन निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और निर्माणा धीन क्षेत्रों में प्रवेश करने से बचें।
महंत बलबीर गिरी ने चेतावनी दी कि मंदिर परिसर में लगातार चल रहे निर्माण कार्य के बीच थोड़ी सी लापरवाही भी किसी अप्रिय घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यह भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति गलत दिशा से प्रवेश करने का प्रयास करता है, तो उसे सही मार्ग की जानकारी देकर सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि हनुमान जी महाराज के गर्भगृह और पूरे मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को पहले से अधिक सुविधाएं मिलेंगी और दर्शन व्यवस्था और भी सुगम हो जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित