प्रयागराज , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म को प्रतिबंधित करने की मांग को लेकर वीर आहिर सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हंडिया मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत यादव का आरोप है कि फिल्म में यादव समाज को कथित "लव जिहाद" से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है, जिससे समुदाय में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का चित्रण समाज और आने वाली पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। हंडिया में सैकड़ों की संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो जिला मुख्यालय पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। स्थिति फिलहाल शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित