प्रयागराज , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी क्षेत्र के चक हीरानंद मोहल्ले में रविवार को एक मकान के कमरे से पीएसी से हटाए गए सिपाही का सड़ा हुआ शव बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब 10 दिन पहले हुई होगी।
मोहल्ले में दुर्गंध फैलने पर पड़ोसियों ने मृतक के बड़े भाई आशीष को सूचना दी। सूचना मिलने पर उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वॉड टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार जिस कमरे में शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से खुला था और शव जमीन पर पड़ा हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
मृतक की पहचान आशीर्वाद सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलिया जिले के फिरोजपुर थाना नरही क्षेत्र का निवासी था। उसके पिता अवनींद्र कुमार सिंह पीएसी बटालियन नैनी में कार्यरत थे। वर्ष 2011 में दरोगा भर्ती के दौरान दौड़ के समय हार्ट अटैक से पिता की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद अनुकंपा के आधार पर आशीर्वाद को कुक के पद पर नौकरी मिली थी।
बड़े भाई आशीष ने बताया कि प्रिंस का ध्यान नौकरी में कम रहता था और नशे की लत के कारण उसे अनुशासनहीनता के चलते पीएसी से हटा दिया गया था। इसके बाद वह सूरत में एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्य करने लगा। आंखों में समस्या होने के कारण वह नौकरी छोड़कर हाल ही में नैनी वापस आ गया था और चक हीरानंद मोहल्ले में रह रहा था। पड़ोसियों के अनुसार वह अक्सर शराब के नशे में रहता था।
आशीष ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रिंस ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी बच्चे को लेकर उसे छोड़कर चली गई। उसके बाद से वह अकेला रह रहा था। नैनी इंस्पेक्टर ब्रज किशोर गौतम ने बताया कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित