प्रयागराज , जून 02 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव उनके घर में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि साउथ मलाका चौराहे पर स्थित एक तीन मंजिला मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो एक कमरे में वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी तथा पुत्री मीनाक्षी के शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले।

उन्होंने बताया कि शव कई दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। तीनों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगर प्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कई दिनों से परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर दिखाई नहीं दिया था। मंगलवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक का पुत्र पिछले कई दिनों से घर से गायब बताया जा रहा है। उसकी तलाश की जा रही है और उससे संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस परिवार से जुड़े अन्य पहलुओं, विशेषकर संपत्ति विवाद की संभावनाओं की भी जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित