प्रयागराज, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के उरुवा क्षेत्र में नील गायों के झुंड रात के समय खेतों में घुसकर धान, मक्का, अरहर और बाजरा जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।किसानों की महीनों की मेहनत और लागत बर्बाद हो रही है। उनका कहना है कि फसल तैयार होने से पहले ही नीलनगायें उसे पूरी तरह चौपट कर देती हैं। इस लगातार हो रहे नुकसान से अन्नदाताओं में भारी नाराजगी है, क्योंकि खेती की लागत बढ़ रही है और उन्हें हर साल आर्थिक क्षति झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों को पूरी रात खेतों में जागकर रखवाली करनी पड़ रही है। कई बार नील गायों को भगाने के दौरान दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। क्षेत्र के किसान रामकैलाश ने बताया कि नील गायों के कारण उनकी फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। उनका मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो जाएगी।किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि नीलगायों से फसलों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस और स्थायी व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही, फसल क्षति का उचित मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाए। किसानों का कहना है कि उनकी आजीविका बचाने के लिए सरकार एवं संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित