प्रयागराज , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका इलाके में एक निर्माणाधीन मकान अचानक ढह गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

पुलिस आयुक्त मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मकान में एक ओर निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक वह भरभराकर गिर गया। इस हादसे में वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उन्हें उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। क्षेत्र में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित