प्रयागराज , सितम्बर 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के लालापुर थाना क्षेत्र के पडुआ गांव में रविवार सुबह नहर में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक नहर के किनारे बैठा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह अनियंत्रित होकर नहर के पानी में गिर गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका।मृतक की पहचान पडुआ गांव निवासी ननका निषाद के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के मुताबिक ननका गांव में रहकर खेती-किसानी का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था। वह पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। ननका अभी अविवाहित था।बताया जा रहा है कि घटना के समय ननका नहर किनारे बैठा हुआ था। अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वह संतुलन खो बैठा और नहर में गिर गया।नहर में पानी का बहाव तेज था। आस पास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने लालापुर थाने में घटना की सूचना नहीं दी और बिना पुलिस को जानकारी दिए अंतिम संस्कार कर दिया। इसके चलते पुलिस स्तर पर तत्काल जांच और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं हो सकी।

लालापुर थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से थाने में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों की ओर से शिकायत या सूचना दी जाती है तो मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित