प्रयागराज , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है।जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय सीता निषाद की शादी करीब पांच महीने पहले धीरज निषाद के साथ हुई थी। सीता ग्राम उपरौड़ा (सिरसा) की रहने वाली थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।घटना के समय सीता का पति अपनी बहन को छोड़ने गया था। घर पर सीता और उसकी सास थीं। देर रात उसने घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह सास की नींद खुली तो उन्होंने बहू को नीम के पेड़ से लटका देखा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सीता की सास अमरावती देवी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।नवविवाहिता की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। हालांकि, सीता ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित