प्रयागराज , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के बलूहा स्थित टोंस नदी में गुरुवार सुबह एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि आज सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने नदी में एक किशोर का शव उतराता देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह, मेजारोड चौकी प्रभारी हरिओम सिंह और दरोगा अभय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव को नदी से बाहर निकलवाया।

मृतक की पहचान 16 वर्षीय अर्जुन शुक्ला पुत्र रामाशंकर शुक्ला निवासी चाकघाट, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किशोर की मौत स्नान के दौरान डूबने से हुई होगी। तेज बहाव के कारण शव बहकर मेजा क्षेत्र तक पहुंच गया।

थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि किशोर की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित