प्रयागराज , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में विजिलेंस टीम ने नगर निगम के एक राजस्व निरीक्षक/टैक्स कलेक्टर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में की गई।

विजिलेंस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता राजकुमार यादव ने 17 फरवरी को विजिलेंस एसपी से शिकायत की थी। राजकुमार यादव ने अपनी मां के नाम कराई गई रजिस्ट्री के नामांतरण के लिए नगर निगम कार्यालय में पत्रावली जमा की थी। आरोप है कि नगर निगम के राजस्व निरीक्षक अनूप चंद्र मिश्र ने फाइल पर रिपोर्ट लगाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस की ट्रैप टीम ने योजना बनाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त अनूप चंद्र मिश्र नगर निगम के जोन संख्या क्षेत्र खुल्दाबाद में टैक्स कलेक्टर के पद पर तैनात हैं।

विजिलेंस टीम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित