प्रयागराज , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने प्रयागराज जंक्शन स्टेशन से सोमवार को दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। जीआरपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औसर कुमार यादव और रजनीश कुमार यादव के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से नीले रंग के बैग में 40 बोतल अंग्रेजी शराब और 142 टेट्रा पैक अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी कर उसे बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेचते थे।

जीआरपी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

जीआरपी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान अवैध रूप से शराब ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित