प्रयागराज , मई 29 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कौंधियारा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार आंधी के चलते दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि बीती देर रात जारी चौकी के गड़ैया कला गांव में आए तेज आंधी-तूफान के बीच एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से राधा देवी (35) की मौत हो गयी। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक राधा देवी मलबे के नीचे दब चुकी थीं।

परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात क्षेत्र में तेज आंधी और तूफान का असर काफी भयावह था। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए तथा कच्चे और जर्जर मकानों को नुकसान पहुंचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित