प्रयागराज , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, लल्ला चुंगी चौराहे के पास सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले, जिन्हें गोली लगी थी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कर्नलगंज थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान उसके पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर शिवकुटी थाना क्षेत्र निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान के संबंध में जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित