प्रयागराज , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के बहरिया क्षेत्र मेंं मंगलवार दोपहर गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से 10वीं के एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के मजूरा गांव निवासी राजकुमार का पुत्र सुमित कुमार (18) गांव के ही एक खेत में थ्रेशर मशीन से गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इसी दौरान फसल डालते समय उसका हाथ मशीन में फंस गया और देखते ही देखते वह पूरी तरह मशीन की चपेट में आ गया।
घटना के दौरान आसपास काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल थ्रेशर को बंद कर छात्र को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि सुमित पढ़ाई के साथ-साथ खेतों में मजदूरी भी करता था और उसने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। उसके परिवार में पिता के अलावा बड़ा भाई है, जो दिल्ली में निजी नौकरी करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित