प्रयागराज , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के बहरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायगनी गांव के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने हाईस्कूल की छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में छात्रा का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय छात्रा अपने भाई के साथ आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र देखकर घर लौट रही थी। इसी दौरान सरायगनी-धमौर ईदगाह मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घायल युवक को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्र त्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित