प्रयागराज , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार तड़के हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। करेली क्षेत्र की गड्ढा कॉलोनी सबसे अधिक प्रभावित रही, जहां बारिश का पानी घरों में घुस जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात शुरू हुई तेज बारिश के दौरान अधिकांश लोग सो रहे थे। इसी बीच अचानक जलभराव बढ़ने लगा और देखते ही देखते कॉलोनी के कई घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। क्षेत्र के निचले हिस्से में स्थित होने तथा यमुना के बढ़ते जलस्तर और ससुर खदेरी नदी के पानी के मिल जाने से स्थिति और गंभीर हो गई।
सूचना मिलने पर करेली पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीमों ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने समय रहते राहत कार्य शुरू होने पर प्रशासन की सराहना की।
लगभग एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों और आवासीय कॉलोनियों में जलभराव हो गया। सुबह कामकाज के लिए निकले लोगों और वाहन चालकों को पानी से भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ा। बारिश रुकने के बाद कुछ क्षेत्रों में पानी धीरे-धीरे निकलना शुरू हुआ, लेकिन कई स्थानों पर स्थिति सामान्य होने में समय लगा।
निरंजन टॉकीज के पास बने अंडरपास में भी भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे पुराने शहर और सिविल लाइंस के बीच आवागमन प्रभावित रहा। लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा और सुबह के समय यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज में सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने दिन में बादल छाए रहने तथा शाम के समय तेज हवाओं के साथ फिर से भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित