प्रयागराज , जून 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार सुबह मुहर्रम के जुलूस में एक 17 साल के किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। मुहर्रम की नौवीं पर निकला जुलूस जैसे ही सेवई मंडी इलाके में पहुंचा, बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान एक बिजली के पोल में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए पहले कॉल्विन अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक की पहचान बहादुरगंज निवासी मोहम्मद हमजा पुत्र काशिम के रूप में हुई। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ।बहादुरगंज का रहने वाला मोहम्मद हमजा मुहर्रम की नौवीं पर उठे मासूम अली असगर के झूले में शामिल था। जुलूस में बड़ी संख्या में जायरीन चल रहे थे। शुक्रवार तड़के काफिला सेवई मंडी के पास पहुंचा तो मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच भी जुलूस आगे बढ़ता रहा। इसी दौरान रास्ते में लगे एक बिजली के पोल में करंट उतर आया। हमजा इसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई।लोगों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। कोतवाली थाना प्रभारी निपेंद्र शुक्ला ने बताया युवक की मौत करंट लगने से हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित