प्रयागराज , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार डंपर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार करछना थाना क्षेत्र के कौवा बाजार चौराहे पर शाम करीब 3:30 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार फूलचंद कुशवाहा (45) पुत्र राम अभिलाष की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार सुग्रीव (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर इतनी जोरदार हुई कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल सुग्रीव को तत्काल करछना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित