प्रयागराज , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र बाल-बाल बच गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घूरपुर थाना क्षेत्र के उभारी करमा निवासी मोहम्मद नौसे अपनी पत्नी फातिमा बेगम और पुत्र जावेद के साथ मोटरसाइकिल से कोरांव बाजार जा रहे थे। वे चमनगंज निवासी रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे कि गांधी चौराहा के पास बाइक खड़ी कर फल खरीदने के दौरान पीछे से आए एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद फातिमा बेगम सड़क पर गिर गईं और डंपर के पिछले पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित