प्रयागराज , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि छेदीलाल (55) बीती देर शाम सघनगंज से दवा लेकर अपने घर मलाक बेला, जलालपुर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक तेज गति में था और आरोप है कि वह शराब के नशे में था।
टक्कर के बाद छेदीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल (एसआरएन) ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पुत्र अंकुर कुमार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी सोरांव केशव वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित