प्रयागराज , जून 05 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर चौफटका के निकट गुरुवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में नगर निगम के स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्य में लगे तीन कर्मचारियों समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी जेसीबी क्रेन की सहायता से हाईवे पर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान सुलेमसराय की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जेसीबी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मरम्मत कार्य में लगे कर्मचारी नीचे गिरकर घायल हो गए।
हादसे में नगर निगम के तीन कर्मचारियों सहित चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल भेजा गया, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रक को भी कब्जे में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित