प्रयागराज , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में टोंस नदी में को शाम नहाते समय दो बच्चों में से एक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को चौकी गांव में हुई। स्थानीय लोगों और मछुआरों की मदद से दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे बच्चे का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, चौकी गांव निवासी आशू यादव का 8 वर्षीय पुत्र अर्पित यादव अपने 7 वर्षीय साथी शिवम (पुत्र शिवमनी) के साथ नदी किनारे नहा रहा था। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर मछुआरों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर दोनों को बाहर निकाला।बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने अर्पित यादव को मृत घोषित कर दिया। शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर सांसद उज्जवल रमण सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान सपा नेता मुखिया यादव और श्याम कृष्ण उर्फ पप्पू यादव सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस तक समय पर नहीं पहुंच सकी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित