प्रयागराज , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उच्च न्यायालय के पास शुक्रवार को एक महिला करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। सुबह करीब छह बजे टंकी पर चढ़ी महिला 17 घंटे तक ऊपर रही। देर रात पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने समझा-बुझाकर उसे नीचे उतार लिया। महिला के गले में दस्तावेज लटके थे और वह ऊपर से पत्र नीचे फेंक रही थी। इनमें भगवतपुर में फोरलेन के लिए जमीन लिए जाने का विरोध और प्राचीन हनुमान मंदिर को बचाने की मांग की गई थी। एयरपोर्ट क्षेत्र के भगवतपुर निवासी पूनम दुबे (45) पत्नी ननकू फोरलेन के लिए जमीन लिए जाने का विरोध कर रही थीं।

उनका कहना था कि फोरलेन के लिए उनकी जमीन और प्राचीन हनुमान मंदिर को न लिया जाए। इस संबंध में वह कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुकी थीं। उनका आरोप था कि लगातार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके विरोध में वह शुक्रवार सुबह पानी की टंकी पर चढ़ गईं। महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उसे नीचे उतारने के लिए कई घंटे तक समझाने का प्रयास किया गया।

पूनम का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होती, वह नीचे नहीं उतरेंगी। करीब 17 घंटे बाद 12बजे देर रात अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया।महिला ने टंकी से जो पत्र नीचे फेंके, उनमें भगवतपुर में सड़क/फोरलेन निर्माण के लिए जमीन लिए जाने का मुद्दा उठाया गया था। पत्र में प्राचीन हनुमान मंदिर का भी उल्लेख था। महिला ने अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर मंदिर और जमीन को बचाने की मांग की थी।

पत्र में निर्माण कार्य से आसपास की जमीन और मंदिर के प्रभावित होने की बात कही गई थी। महिला ने प्रशासन से पूरे मामले का समाधान कराने की मांग की थी। महिला के बेटे ने कहा कि फोरलेन निर्माण के लिए जमीन लिए जाने को लेकर परिवार नाराज था। उसका आरोप था कि उनकी जमीन पर भू-माफिया कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। बेटे ने शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह पर भी आरोप लगाए थे और कहा था कि भू-माफिया को उनका संरक्षण प्राप्त था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।महिला के कई घंटे तक टंकी पर रहने के बाद उसके परिजन और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं।

परिजनों ने अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट से फ्लाईओवर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और मौके पर भीड़ जुट गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित