प्रयागराज , जुलाई 6 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। झमाझम बारिश के साथ मानसून ने दस्तक दी, जिससे तापमान में गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि, आधे घंटे की बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
रविवार को पूरे दिन तेज धूप और उमस के कारण लोग गर्मी से परेशान रहे। सोमवार सुबह बादलों की आवाजाही के बीच शहर के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आई। कार्यक्रम स्थल के आसपास भी पानी भरने की सूचना है। सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रयागराज में प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करना है। इसके बाद वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे। लगातार बारिश की स्थिति में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में किसी बदलाव की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को तेज बारिश और हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इस बीच, यमुनापार के शंकरगढ़ क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित