प्रयागराज , अप्रैल 04 -- मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) के डॉक्टरों ने एक जटिल और बड़े एड्रिनल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
झुंसी निवासी 40 वर्षीय अर्चना पिछले एक वर्ष से पेट में गांठ और लगातार दर्द से पीड़ित थीं। जांच में उनके पेट के दाईं ओर करीब 16x15.7x19 सेंटीमीटर का ट्यूमर पाया गया, जिसका वजन लगभग 4.5 से 5 किलोग्राम था। यह ट्यूमर पसलियों के नीचे से लेकर नाभि तक फैला हुआ था।
प्रारंभ में उन्होंने वाराणसी के निजी अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन लाभ नहीं मिलने पर 28 मार्च को एसआरएन अस्पताल में भर्ती हुईं। जांच के बाद डॉक्टरों ने इसे नॉन-फंक्शनल एड्रिनल ट्यूमर बताया और 30 मार्च को ऑपरेशन का निर्णय लिया। काफी जटिल मानी जाने वाली इस सर्जरी को डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
इस सर्जरी का नेतृत्व प्राचार्य डॉ. वी.के. पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। सर्जरी टीम में डॉ. रवि राज पाटिल, डॉ. विश्वजीत वाजपेयी, डॉ. मोनिका सिंह, डॉ. आदर्श सिंह, डॉ. अंजलि, डॉ. अर्पित मिश्रा और डॉ. अभिषेक मौर्य शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनिल सिंह, डॉ. पल्लवी सूद, डॉ. उत्कर्ष, डॉ. प्रणया, डॉ. एकता तथा स्टाफ नर्स सुशीला का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्राचार्य डॉ. वी.के. पांडेय ने बताया कि इतने बड़े ट्यूमर का ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है और यह सफलता डॉक्टरों की टीमवर्क व विशेषज्ञता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब मेडिकल कॉलेज में जटिल से जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार, एड्रिनल ग्रंथि के इतने बड़े ट्यूमर का ऑपरेशन उच्च स्तरीय तकनीक और अनुभव की मांग करता है। इस सफल सर्जरी ने न केवल एक मरीज को नया जीवन दिया, बल्कि प्रयागराज में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं पर भरोसा भी मजबूत किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित