प्रयागराज , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के टैगोर टाउन इलाके में शनिवार सुबह 12वीं के एक छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक लड़की समेत चार लोगों पर ब्लैकमेलिंग और साजिश का आरोप लगाया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मृतक की पहचान आशुतोष प्रताप गिरी (15) के रूप में हुई है। वह नवाबगंज स्थित गुरु नानक इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। उसके पिता विनोद कुमार गिरी होमगार्ड हैं और डायल 112 में ड्राइवर के रूप में तैनात हैं।
परिजनों के अनुसार आशुतोष की दोस्ती कोचिंग के दौरान सुहानी सिंह नाम की छात्रा से हुई थी, जो टैगोर टाउन स्थित जयराज मेमोरियल गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। पिता का आरोप है कि पिछले कुछ समय से युवती आशुतोष को पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही थी। पैसे न देने पर झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने और दोस्तों से जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पिता के मुताबिक 13 फरवरी को बेटे ने उन्हें ब्लैकमेलिंग की बात बताई थी। आरोप है कि युवती ने अपनी रूम पार्टनर और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार रात युवती ने आशुतोष को "मर जाओ" संदेश भेजा था। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के सदस्य उसे जगाने पहुंचे तो कमरे में वह फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि आशुतोष की हत्या कर उसे लटकाया गया है।
जॉर्जटाउन थाना प्रभारी रोहित कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर युवती को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। कमरे की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित