प्रयागराज , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने शुक्रवार शाम बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए केंद्रीय समेत जिले की चारों एसओजी टीमों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। कार्रवाई के तहत एसओजी प्रभारियों समेत कुल 44 पुलिसकर्मियों को टीमों से हटाकर अपने-अपने डीसीपी को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एसओजी के अलावा जोन नगर, जोन गंगानगर और जोन यमुनानगर की एसओजी टीमों को भी भंग करने का आदेश जारी किया गया है। सभी टीमों में तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

आदेश के अनुसार अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) एवं अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) की संस्तुति और पुलिस आयुक्त के अनुमोदन के बाद ही योग्य पुलिसकर्मियों की अस्थायी टीम गठित कर विशेष कार्य सौंपे जा सकेंगे।

पुलिस आयुक्त की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि हाल में मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा मांडा क्षेत्र में एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से एसओजी टीमों को भंग किए जाने का कोई आधिकारिक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी अवैध ड्रग्स फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी स्थानीय एसओजी टीमों को नहीं थी। इसी को लेकर पुलिस आयुक्त के स्तर से यह कार्रवाई किए जाने की चर्चा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित